Saturday , 5 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ उत्तराखंड में अब सुबह 7 से शाम 7 बजे तक खुलेंगे बाजार
उत्तराखंड न्यूज़देहरादून

उत्तराखंड में अब सुबह 7 से शाम 7 बजे तक खुलेंगे बाजार

उत्तराखंड में व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए मार्केट खुलने के समय को सुबह 7 से शाम 7 बजे तक करने का फैसला लिया गया है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने देर शाम मुख्यमंत्री आवास में मुख्य सचिव के साथ ही शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रदेश में कोरोना वायरस से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कोरोना के बढ़ते मामलों को रोकने के साथ ही क्वॉरंटाइन सेंटरों की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के व्यापक निर्देश भी दिए।

अंतरजनपदीय यात्राओं के लिए संबंधित व्यक्ति द्वारा दी गई सूचना के साथ ही उसे अविलंब पास की उपलब्धता सुनिश्चित कराने को कहा गया है। सीएम ने छोटे निर्माण कार्यों के लिए स्थानीय स्तर पर मजदूरों को अनुमति देने के साथ ही जो लोग अपने कार्य से सीमित अवधि के लिए आ रहे हैं उनके लिए क्वॉरंटाइन की अवधि की अनिवार्यता में देने को कहा है।

यह भी देखें – उत्तराखंड में कोरोना संक्रमितों की संख्या 500 के पार, निरंजनपुर मंडी के 3 आढ़ती पॉजिटिव

पुलिस महानिदेशक को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि बाजारों में सोशल डिस्टेंसिंग की व्यवस्था का अनुपालन कड़ाई से सुनिश्चित किया जाए। मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक के अनुरोध पर कोविड- 19 के दृष्टिगत ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को आवश्यकतानुसार पीपीई किट, मास्क, सैनिटाइजर आदि की व्यवस्था के लिए अपेक्षित धनराशि की व्यवस्था आपदा प्रबंधन एवं विभागीय बजट से किए जाने के भी निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों में कोरोना वायरस के भय को दूर करने, तथा इसके बचाव के उपायों की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए इससे जुड़े डॉक्टरों के छोटे-छोटे वीडियो तैयार कर ग्राम पंचायतों तक उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण से ठीक हुए लोगों के अनुभवों को भी इसमें शामिल किया जाए ताकि समाज में कोरोना के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो सके।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...