Sunday , 6 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ शहीद दिवस पर खुमाड़ पहुंचे कर्नल कोठियाल, बोले – 20 साल में समस्याएं जस की तस, ‘आप’ करेगी हर वादा पूरा
उत्तराखंड न्यूज़अल्मोड़ा

शहीद दिवस पर खुमाड़ पहुंचे कर्नल कोठियाल, बोले – 20 साल में समस्याएं जस की तस, ‘आप’ करेगी हर वादा पूरा

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और सीएम पद के उम्मीदवार कर्नल (रिटा.) अजय कोठियाल सल्ट के खुमाड़ गोलीकांड की 79वीं बरसी पर शहीदों को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। उन्होंने 5 सिंतबर 1942 को शहीद हुए आंदोलनकारियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए । शहीदों की याद में यहां हर साल शहीद दिवस समारोह मनाया जाता है। आप नेता कर्नल कोठियाल के खुमाड़ पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। कर्नल कोठियाल ने शहीद स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस मौके पर कर्नल कोठियाल ने कहा कि शहीदों को नमन करते ही अगर शरीर के रौंगटे खड़े हों और चेहरे पर रौनक आ जाए तो इसका मतलब हर किसी के दिल में देशभक्ति का जज्बा बरकरार है। उन्होंने कहा कि आज के दिन 1942 में यहां शहीद हुए अमर सपूतों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। अंग्रेजों के खिलाफ भारत के अन्य शहरों के साथ सल्ट के खुमाड़ में भी वीर आंदोलनकारियों ने अपनी शहादतें दी ,जिससे पूरा उत्तराखंड अपने आप को गौरवान्वित महसूस करता है।

उन्होंने आगे कहा कि जब जब देश की आंतरिक सुरक्षा पर किसी भी तरह का साया मंडराया तो, उत्तराखंड के वीर सपूतों ने अपना सर्वोच्च बलिदान देते हुए देश की रक्षा की है। चाहे आजादी की लडाई हो,चाहे कबाइलों से युद्ध हो, चाहे पाकिस्तान हो या फिर चीन हर बार उत्तराखंड के वीर सपूतों ने अपनी वीरता का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के लिए ये बडे गर्व की बात है कि ऐसे वीर सपूतों को नमन करने का अवसर प्राप्त हुआ और जो नवनिर्माण का सपना आप पार्टी ने देखा है, उस सपने को पूरा करने का संकल्प एक बार फिर दोहराते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि उत्तराखंड की असल लड़ाई अब उन दुश्मनों से लडने की है, जो प्रदेश के नवनिर्माण के खिलाफ हैं। वो दुश्मन जिन्होंने हमारे सिस्टम को तोड़ते हुए भ्रष्ट बना दिया है। प्रदेश की स्वास्थ व्यवस्था से लेकर सड़क बिजली पानी हर समस्या से जनता आज त्रस्त है। लोग पलायन करने को आज मजबूर हैं। उन्होंने ये भी कहा कि इस पवित्र स्थान पर वो किसी राजनीतिक दल का नाम नहीं लेंगे लेकिन इतना जरुर कहेंगे कि 20 साल में प्रदेश का जो विकास होना चाहिए था वो विकास आज तक पूरा नहीं हो पाया है लेकिन आप पार्टी ने प्रदेश की जनता से नवनिर्माण का वादा किया है और आप पार्टी की सरकार बनते ही सबसे पहले उन सभी वादों को धरातल पर उतारा जाएगा जो वादे यहां की जनता से किए गए हैं और जिनपर यहां के लोगों का मूल अधिकार है।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles