हिल मेल ब्यूरो, देहरादून
एसिड हमले की शिकार महिलाओं को आगे बढ़ने में मदद के लिए उत्तराखंड सरकार एक बड़ा फैसला लेने जा रही है। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग ने प्रदेश में एसिड अटैक की पीड़िताओं को पेंशन देने का प्रस्ताव तैयार किया है। जल्दी ही इसे कैबिनेट की बैठक में रखा जा सकता है। अगर प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो उत्तराखंड तेजाब हमले की शिकार महिलाओं को पेंशन देने वाला पहला राज्य बन जाएगा।
सूबे की महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने बताया कि तेजाब हमले से पीड़ित प्रदेश की युवतियां और महिलाएं उनसे मिली थीं। उन्होंने तमाम परेशानियां बताई हैं। तेजाब हमले की पीड़िताओं ने उन्हें बताया कि सरकारी और निजी क्षेत्र में लोग उन्हें नौकरी देने से कतरा रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि सरकार ऐसी कोई व्यवस्था करे जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके।
पढ़ें, ‘कुटुंब’ देगा महिलाओं को हुनर, उच्च शिक्षा मंत्री ने किया उद्घाटन
मंत्री ने कहा कि पीड़िताओं की बातों और समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने उन्हें पेंशन देने की योजना बनाई है। बताया गया है कि इस समय राज्य में ऐसी 11 महिलाएं हैं। प्रत्येक पीड़ित को सात से 10 हजार रुपये प्रति माह पेंशन देने का प्रस्ताव है। रेखा आर्य के मुताबिक देश के किसी भी प्रदेश में अभी तक तेजाब पीड़िताओं को पेंशन देने का प्रावधान नहीं है।


Leave a comment