Sunday , 6 September 2026
Home देश-विदेश घरों में लॉक लोगों के लिए खुशखबरी, टीवी पर फिर शुरू होगा रामायण
देश-विदेश

घरों में लॉक लोगों के लिए खुशखबरी, टीवी पर फिर शुरू होगा रामायण

ramayan

कोरोना वायरस के खिलाफ देश में छिड़ी 21 दिनों की जंग ने सभी भारतीयों को चहारदीवारियों के भीतर रहने पर मजबूर कर दिया है। लॉकडाउन के चलते बच्चों के स्कूल बंद हैं, ऑफिस बंद कर दिए गए हैं या घर से काम हो रहा है। ऐसे में लोगों की भारी मांग पर सरकार ने 90 के दशक के मशहूर टीवी सीरियल ‘रामायण’ का फिर से प्रसारण करने का फैसला लिया है।

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने शुक्रवार को ऐलान करते हुए कहा कि हम 28 मार्च 2020 से ‘रामायण’ का फिर से प्रसारण शुरू कर रहे हैं। दूरदर्शन चैनल पर इस मशहूर सीरियल का पहला एपिसोड शनिवार को सुबह 9 बजे से 10 बजे तक और दूसरा रात में 9 से 10 बजे प्रसारित होगा।

सरकार की ओर से बताया गया है कि रामायण सीरियल टीवी पर फिर से दिखाए जाने की काफी मांग की जा रही थी। आपको बता दें कि निर्माता-निर्देशक रामानंद सागर कृत रामायण का दूरदर्शन पर पहली बार प्रसारण 25 जनवरी 1987 को शुरू हुआ था और आखिरी एपिसोड 31 जुलाई 1988 को देखा गया था।

यह वह दौर था जब लोग अपना काम बंद कर टीवी के सामने आधे घंटे पहले से बैठना शुरू कर दिया करते थे। टीवी के सामने सैकड़ों की संख्या में लोग जमा हो जाते थे। जब सीरियल शुरू हो जाता था तो सड़कें खाली हो जाती थीं। लोग पूरे हफ्ते रविवार को आने वाले सीरियल का इंतजार किया करते थे। सीरियल के पात्र और शूटिंग कुछ इस तरह से की गई है कि आज भी इसके प्रति दिलचस्पी कम नहीं हुई है।

लॉकडाउन के कारण जब लोग घरों में हैं तो सरकार ने उन्हें वह यादगार सीरियल फिर से दिखाने का फैसला किया है। रामायण के कलाकारों को आज भी काफी सम्मान भरी नजरों से देखा जाता है। 90 के दशक में राम और सीता के किरदारों को टीवी पर देखते ही लोग हाथ जोड़ लिया करते थे। राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल और सीता का किरदार निभाने वालीं दीपिका चिखलिया को लोग ईश्वर का रूप मानने लगे थे।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles