Saturday , 5 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ दिल्ली से कोटद्वार के बीच सिद्धबली जनशताब्दी ट्रेन शुरू, टाइम टेबल में हो सकता है बदलाव
उत्तराखंड न्यूज़देहरादून

दिल्ली से कोटद्वार के बीच सिद्धबली जनशताब्दी ट्रेन शुरू, टाइम टेबल में हो सकता है बदलाव

दिल्ली से कोटद्वार से बीच चलने वाली सिद्धबली जनशताब्दी ट्रेन का संचालन शुरू हो गया है। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने वर्चुअल माध्‍यम से हरी झंडी दिखाकर इस ट्रेन की शुरुआत की। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद और भाजपा की राष्ट्रीय मीडिया टीम के प्रमुख अनिल बलूनी भी मौजूद थे। केंद्रीय शिक्षा मंत्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक भी वर्चुअल माध्‍यम से समारोह से जुड़े। यह रेलगाड़ी रोजाना सुबह सात बजे दिल्‍ली से कोटद्वार के लिए चलेगी और दोपहर 1 बजकर 40 मिनट पर कोटद्वार पहुंचेगी। कोटद्वार से दोपहर 3 बजकर 20 मिनट पर दिल्‍ली के लिए प्रस्‍थान करेगी। रात्रि 9 बजकर 50 मिनट पर दिल्ली पहुंचेगी। नजीबाबाद, मौजमपुर, बिजनौर, मौजमपुर, हल्दौर, चांदपुर, मंडी धनौरा, गजरौला, हापुड़, गाजियाबाद इसके स्‍टापेज होंगे।

 

सिद्धबली जन शताब्दी एक्सप्रेस के लिए रेबुकिंग शुरू कर दी गई है। दिल्ली तक सीटिंग के लिए 140 रुपये और एसी चेयर के लिए 460 रुपये किराया देना होगा।हालांकि इस ट्रेन की समयसारिणी में बदलाव होने की उम्मीद है।

रेल मंत्री पीयूष गोयल ने इस अवसर पर ट्वीट कर कहा, आज दिल्ली से कोटद्वार, उत्तराखंड के बीच सिद्धबली जनशताब्दी विशेष एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ किया। यह ट्रेन दिल्ली और कोटद्वार के बीच सीधी कनेक्टिविटी प्रदान कर, पर्यटन को बढ़ावा देते हुए, आर्थिक गतिविधियों में तेजी लाएगी।

सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने इस ट्रेन की शुरुआत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री का आभार जताया। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि माननीय केंद्रीय रेल मंत्री @PiyushGoyal ने उत्तराखंड को सौगात देते हुए ‘सिद्धबली जनशताब्दी स्पेशल एक्सप्रेस’ ट्रेन का शुभारंभ किया। इससे कोटद्वार व आसपास के पर्यटन व अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। इसके लिए प्रधानमंत्री @narendramodi एवं पीयूष जी का आभार।

अनिल बलूनी की मुहिम लाई रंग

भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख और राज्यसभा सांसद ने रेल मंत्री पीयूष गोयल से दिल्ली से कोटद्वार और दिल्ली से टनकपुर के बीच दो जनशताब्दी ट्रेनें चलाने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा था कि ऐसा करने से यहां के लोगों की दिल्ली तक के लिए कनेक्टिविटी आसान हो जाएगी। इसके बाद 26 फरवरी को मां पूर्णागिरि नाम से दिल्ली से टनकपुर के बीच जनशताब्दी एक्सप्रेस का संचालन शुरू किया गया था।

वहीं सिद्धबली जनशताब्दी ट्रेन की शुरुआत के  मौके पर अनिल बलूनी ने कोटद्वार की जनता के साथ ही समस्त पौड़ीवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि ट्रेन के समय को लेकर अनेक संगठनों और नागरिकों ने सुझाव दिए हैं। उन्होंने इन सभी विषयों पर रेल मंत्री और रेलवे बोर्ड से चर्चा की है। उन्होंने रेल मंत्री पीयूष गोयल से अनुरोध किया है कि सभी की सुविधा और सुगमता का ध्यान रखते हुए सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस के कोटद्वार से प्रस्थान और आगमन का समय निर्धारित किया जाए।

कोटद्वार से इस कार्यक्रम में सांसद तीरथ सिंह रावत, उत्तराखंड के वन मंत्री डा. हरक सिंह रावत और लैंसडौन के विधायक दिलीप रावत भी शामिल हुए।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...