देहरादून रोड स्थित सरकारी अस्पताल के प्रांगण में बुधवार को नगर निगम महापौर अनिता ममगाई ने हरी झंडी दिखाकर ने वैक्सीनेशन अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र गुमानीवाला में वैक्सीनेशन सुरक्षा रथ की कार्य प्रणाली को बारीकी से परखा। मौके पर टीकाकरण के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे बुजुर्गों ने डोर टू डोर वैक्सीनेशन सुविधा शुरू कराने के लिए महापौर का आभार जताया।
महापौर ने कहा कि वैश्विक महामारी से बचने के लिए वैक्सीनेशन सबसे मजबूत सुरक्षा चक्र है। कोरोना कर्फ्यू के चलते आवागमन के साधन बंद होने की वजह से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को टीकाकरण करवाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था जिसको देखते हुए उनके द्वारा जनपद के जिला अधिकारी और सीएमओ से वार्ता की गई।
उन्होंने बताया कि कोविड कर्फ्यू की वजह से तमाम वाहनों का आवागमन बंद है जिसकी वजह से ग्रामीण क्षेत्र के लोग वैक्सीन नहीं लगवा पा रहे हैं। वैक्सीनेशन की चुनौती से निपटने के लिए छोटे-छोटे वैक्सीनेशन सेंटर खोले जाने के साथ-साथ मोबाइल टीमों को मोर्चों पर उतारा जाना बेहद आवश्यक है। इसका संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी द्वारा पहले निगम के गुमानीवाला वाला स्थित कैम्प कार्यालय में वैक्सीनेशन सैंटर खुलवाया गया और आज से दो मोबाइल वैक्सीनेशन वाहनों को भी मोर्चे पर उतार दिया गया है।
इससे निश्चित है कि टीकाकरण अभियान में तेजी आएगी। उन्होंने कहा कि कोरोना से खुद के साथ ही अपनों का जीवन सुरक्षित रखने के लिए टीका लगवाना बेहद जरूरी है। इस दौरान डॉ. संतोष पन्त, नर्सिंग ऑफिसर राहुल सक्सेना, पार्षद विपिन पंत, बीरेंद्र रमोला, विजेंद्र मोघा,विजय बडोनी, विजय बिष्ट, अमन भट्ट आदि मौजूद रहे।
मई में राष्ट्रीय औसत से भी ज्यादा उत्तराखंड में मौतें, कोरोना के ये आंकड़े कर रहे सावधान




Leave a comment