Monday , 7 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ आप नेता कर्नल कोठियाल का आरोप, देवस्थानम बोर्ड को लेकर तीर्थ पुरोहितों को गुमराह कर रही धामी सरकार
उत्तराखंड न्यूज़उत्तरकाशी

आप नेता कर्नल कोठियाल का आरोप, देवस्थानम बोर्ड को लेकर तीर्थ पुरोहितों को गुमराह कर रही धामी सरकार

आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री प्रत्याशी कर्नल (रिटा.) अजय कोठियाल ने गंगोत्री में पंडा पुरोहित समाज से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पुष्कर सिंह धामी सरकार पर देवस्थानम बोर्ड को लेकर तीर्थ पुरोहितों को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने देवस्थानम बोर्ड को तुंरत भंग करने की मांग की। पंडा पुरोहित भी लंबे समय से देवस्थानम बोर्ड को भंग करने की मांग कर रहे हैं। कर्नल कोठियाल ने भी पंडा पुरोहितों के आंदोलन को अपना समर्थन दिया।

कर्नल अजय कोठियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने पंडा समाज के लोगों के साथ छलावा किया है। मुख्यमंत्री के आश्वासन पर पंडा पुरोहितों ने आंदोलन समाप्त कर दिया था। सरकार ने देवस्थानम बोर्ड के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित की, जिसमें कुछ पुरोहितों को शामिल किए जाने का वादा किया गया था। लेकिन यह सिर्फ एक झूठा आश्वासन निकला। उन्होंने कहा कि सीएम धामी के आश्वासन के उलट उच्च स्तरीय समिति में पंडा पुरोहितों को शामिल किए बिना, उनके सुझाव लिए बिना समिति ने अपनी अंतरिम रिपोर्ट सरकार को भेज दी है, जो सरकार द्वारा पुरोहित समाज के लोगों के साथ छलावा करने जैसा है।

कर्नल कोठियाल ने आगे कहा कि पंडा समाज सरकार पर आरोप लगा रहा है कि देवस्थानम बोर्ड के जरिए उनकी आजीविका पर सरकार सीधा सेंधमारी करना चाहती है। यदि सरकार की मंशा ऐसी नहीं थी ,तो उच्च स्तरीय रिपोर्ट भेजने से पहले पंडा समाज के उच्च पदाधिकारियों से राय शुमारी क्यों नही की गई। उन्होंने कहा कि उच्च स्तरीय समिति ने सरकार के इशारे पर मनमानी करते हुए ,देव स्थानम बोर्ड की अंतरिम रिपोर्ट भेज दी है, जिसे पंडा पुरोहित समाज सिरे से खारिज कर रहा है।

कर्नल कोठियाल ने बताया कि यदि पंडा समाज की मांग पर 30 अक्टूबर को फैसला नहीं होता तो वह देव स्थानाम बोर्ड भंग करने के लिए आंदोलन करने को मजबूर हो जाएंगे। कर्नल कोठियाल ने सरकार से पंडा समाज की मांगों पर शीघ्र अमल करने की मांग की। उन्होंने पार्टी की ओर से पंडा-पुरोहितों को समर्थन देने की बात कही।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles