हिल मेल ब्यूरो, उधम सिंह नगर/देहरादून
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने शनिवार को यूएस कार्निवाल-2020 के तहत 13 डिस्ट्रिक, 13 डेस्टिनेशन के अंतर्गत हरिपुरा बौर जलाशय में आयोजित 3 दिवसीय नेशनल क्याकिंग/क्नोयिंग प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने आदर्श विद्यालय योजना के अंतर्गत स्कूल बसों को फ्लैग ऑफ किया। उन्होंने कहा कि राज्य को पर्यटन हब बनाने के लिए हम लगातार प्रयास कर रहे हैं। एक विशेष परीक्षण दल का गठन कर पर्यटन की संभावित जगहों को चिन्हित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बौर जलाशय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। इस पर्यटन स्थल से स्थानीय लोगों को भी रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे, वहीं क्षेत्र का भी विकास होगा। सरकार इस दिशा में पूरा सहयोग करेगी। खेल मंत्री अरविन्द पाण्डेय ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए बौर जलाशय को विकसित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि आज बौर जलाशय को 13 डिस्ट्रिक 13 डेस्टिनेशन के अंतर्गत हरिपुरा बौर जलाशय को पर्यटन स्थल के रूप विकसित करने के लिए मुख्यमंत्री का यह सार्थक प्रयास है। यह स्थल पर्यटन के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए शासन-प्रशासन का सकारात्मक सहयोग मिला। इसमें जो कमियां शेष हैं, उन्हे जल्द पूर्ण कर लिया जाएगा।
प्रतियोगिता के फाइनल में क्याकिंग प्रतियोगिता के 1000 मीटर पुरुष सिंगल में मध्य प्रदेश के नरेन्द्र कठायत को गोल्ड, उत्तराखंड के शुभम को सिल्वर, विनोद कुमार को कांस्य पदक जबकि क्याकिंग प्रतियोगिता के 1000 मीटर डबल्स में उत्तराखंड के शुभम व रोहित को गोल्ड, मध्य प्रदेश के आकाश व अनुज को सिल्वर, दिल्ली के दीपक व विशाल को कांस्य पदक मिला।
वहीं, क्नोयिंग प्रतियोगिता सिंगल में यूपी के बादल कुमार को गोल्ड, विशाल कुमार को सिल्वर, मध्य प्रदेश के कुलदीप सिंह को कास्य, क्नोयिंग डबल्स में यूपी के बादल व विक्रांत को गोल्ड, उत्तराखंड के विशाल व सूर्या को सिल्वर, पंजाब के करनैल सिंह व सोहन सिंह को कांस्य पदक मिला। क्नोयिंग प्रतियोगिता महिला सिंगल 1000 मीटर में उत्तराखंड की पूजा चौहान को गोल्ड, पंजाब की मानसी को सिल्वर, दिल्ली की आरती को कांस्य पदक, 1000 मीटर महिला डबल्स में उत्तराखंड की पूजा व शैलू को गोल्ड, दिल्ली की कोमल बिष्ट व वैश्नवी को सिल्वर, पंजाब की मानसी व नवदीप को कांस्य पदक दिया गया।
इसी प्रकार क्नोयिंग प्रतियोगिता महिला सिंगल्स में पंजाब की जसमीत कौर को गोल्ड, हिमाचल प्रदेश की सुखप्रीत कौर को सिल्वर तथा दिल्ली की अंजलि को कांस्य पदक देकर मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। इसके साथ ही 200 मीटर, 500 मीटर की प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जिसमें 08 राज्यों की टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें 45 लड़के व 15 लड़कियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में मेयर रामपाल सिंह, विधायक राजकुमार ठुकराल, बलराज पासी, सुरेश परिहार, अरुण पाण्डे, जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, कोच फिलिप मैथ्यू सहित आयुक्त राजीव रौतेला, जिलाधिकारी डॉ. नीरज खैरवाल, सीडीओ मयूर दीक्षित, एसएसपी बरिन्दरजीत सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


Leave a comment