हिल मेल ब्यूरो, उधम सिंह नगर/देहरादून
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने शनिवार को यूएस कार्निवाल- 2020/सरस मेले के तहत जिला प्रशासन व जिम्मेदारी फाउंडेशन के सहयोग से गांधी पार्क मैदान में मिशन खुशियां के द्वितीय चरण के अंतर्गत लोगों को सरकारी योजनाओ से लाभान्वित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने रूद्रपुर मे ट्रांसपोर्ट नगर व गल्ला मण्डी निर्माण की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि किच्छा मॉडल डिग्री कॉलेज की स्थापना के लिए 12 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं। रावत द्वारा मिशन खुशियां के अंतर्गत श्री राधा कृष्णा महिला स्वयं सहायता समूह को 5 लाख, श्री खालसा बिन्दुखेडा समूह हो 3 लाख का चेक जीरो प्रतिशत ब्याज पर सहकारी बैंक द्वारा उपलब्ध कराया गया।
अनिल सिंह राणा को कृषि, आनन्द कुमार को पशुपालन, गुरमीत कौर को उद्यान, पूरन सिंह को मत्स्य को जनपद स्तरीय किसान विभूषण की उपाधि से सम्मानित करते हुए 25-25 हजार के चेक दिए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से जीजीआईसी की 12 छात्राओं को सैमसंग के टैबलेट भी उपलब्ध कराए गए। राकेश कुमार व पार्वती को आयुष्मान कार्ड, रीना दास व अशोक को सिलाई मशीन व साइकिल सहित राशन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, स्कील डेवेलपमेंट प्रमाण पत्र उपलब्ध कराए गए।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि लघु उद्यमियों को पहचान दिलाने तथा उन्हें आर्थिक लाभ दिलाने के लिए इस तरह के सरस मेलों का आयोजन किया जाना सराहनीय प्रयास हैं। इस कार्निवाल के माध्यम से जिलाधिकारी डॉ. नीरज खैरवाल ने विरासत को संजोने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार द्वारा 15वें वित्त आयोग के माध्यम से उत्तराखण्ड को 5 हजार करोड़ रुपये प्रतिवर्ष राजस्व घाटे की पूर्ति की जाएगी। यह धनराशि राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। प्रदेश के स्वास्थ्य सुविधाओं का विकास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि रूद्रपुर मेडिकल कॉलेज के लिए 350 करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं। इसके साथ ही हरिद्वार व पिथौरागढ़ में शीघ्र ही मेडिकल कॉलेज की स्थापना की जाएगी। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेजों से जहां डॉक्टरों की उपलब्धता होगी, वहीं लोगों को उचित स्वास्थ्य सुविधा भी उपलब्ध होगी। देहरादून व पंतनगर हवाई अड्डों का विस्तारीकरण कर इन्हें अर्न्तराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने की पहल की जा रही है। उत्तराखण्ड से हर क्षेत्र से कनेक्टिविटी होने पर यहां का राजस्व बढ़ेगा।
जनपद उधमसिंह नगर के 8 सीएचसी को उच्चीकृत कर यहां के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के प्रयास किए जा रहे हैं। जनपद के 1170 विद्यालयों का 528 मुख्यमंत्री आदर्श विद्यालयों मे विलय किया गया है, इससे बच्चों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा मिलेगी। उन्होंने कहा कि काशीपुर शहर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री रावत द्वारा मुख्यमंत्री आदर्श विद्यालय योजना के अन्तर्गत 4 बसों को झंडी दिखाकर रवाना किया गया। साथ ही शैक्षिक पत्रिका ‘‘नन्हे कदम प्रगति के पथ पर’’ का विमोचन किया गया। विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। मुख्यमंत्री जी द्वारा काशीपुर व रूद्रपुर के विकास को 350 करोड रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह करते हुए कहा कि नजूल भूमि में बसे हुए लोगों को उनका मालिकाना हक दिया जाए।
विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में अनेक विकास कार्य चलाए जा रहे हैं। जिलाधिकारी डॉ. नीरज खैरवाल द्वारा मिशन खुशियां की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति योजनाओं से अछूता है, उसे लाभ देकर उसके चेहरे पर मुस्कान लाना ही मिशन खुशियां का मुख्य उद्देश्य है।
मण्डलायुक्त राजीव रौतेला ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से जहां लोगों को अच्छा माहौल मिलता है वहीं स्वयं सहायता समूह द्वारा उत्पादित उत्पाद को बाजार भी मिलता है। कार्यक्रम में मेयर रामपाल सिंह, विधायक राजकुमार ठुकराल, राजेश शुक्ला, प्रेम सिंह राणा, राज्य मंत्री सुरेश परिहार, अनिल गोयल, जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, सहित आयुक्त राजीव रौतेला, जिलाधिकारी डॉ. नीरज खैरवाल, सीडीओ मयूर दीक्षित, एसएसपी बरिन्दरजीत सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


Leave a comment