Friday , 4 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ देहरादून से चिन्यालीसौड़ और गौचर का सफर अब मिनटों में, CM ने की हवाई सेवा की शुरुआत
उत्तराखंड न्यूज़

देहरादून से चिन्यालीसौड़ और गौचर का सफर अब मिनटों में, CM ने की हवाई सेवा की शुरुआत

हेलीकॉप्टर को हरी झंडी दिखाते सीएम रावत।
हेलीकॉप्टर को हरी झंडी दिखाते सीएम रावत।

हिल मेल ब्यूरो, देहरादून

आज से उत्तराखंड के लोगों को एक नई सुविधा मिल गई है। उड़ान योजना के तहत देहरादून से चिन्यालीसौड़ और गौचर के बीच हवाई सेवा की शुरुआत हो गई है। अब घंटों का सफर आप मिनटों में तय कर सकेंगे। प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने आज हरी झंडी दिखाकर हवाई सेवा की औपचारिक शुरुआत की।

सीएम से ग्रीन सिग्नल मिलते ही हेलीकॉप्टर यात्रियों को लेकर उड़ चला। आपको बता दें कि उत्तराखंड में कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए राज्य सरकार नई-नई हेली सेवाओं की शुरुआत कर रही है। आज यह सेवा शुरू होने से सहस्त्रधारा – गौचर – सहस्त्रधारा हेली सेवा एवं सहस्त्रधारा – चिन्यालीसौड़ – सहस्त्रधारा हेली सेवा की शुरुआत हुई है।

(हेलीकॉप्टर सेवा का जायजा लेते मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत।)

10 घंटे का सफर अब मात्र 40 मिनट में

नियमित हेली सेवा से देहरादून से गौचर तक मात्र 40 मिनट में पहुंच सकेंगे। सड़क मार्ग से आमतौर पर गौचर तक पहुंचने में लगभग 10 घंटे लग जाते हैं। सस्ती हेली सेवा उपलब्ध कराने के लिए सरकार की ओर से किराये में सब्सिडी दी जाएगी। सहस्त्रधारा हेलीपैड से गौचर 40 मिनट में और चिन्यालीसौड़ 30 मिनट में पहुंच सकेंगे।

https://www.facebook.com/tsrawatbjp/videos/210900223382008/

अब किराया भी समझ लीजिए

मुख्यमंत्री के उड्डयन सलाहकार कैप्टन दीप श्रीवास्तव ने बताया है कि इस डबल इंजन- 6 सीटर हेलीकॉप्टर सेवा की शुरुआत हैरिटेज एविएशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा की जा रही है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने सहस्त्रधारा से गौचर के लिए प्रति यात्री 4120 रुपये और सहस्त्रधारा से चिन्यालीसौड़ के लिए प्रति यात्री 3350 रुपये (एक तरफ) किराया तय किया है। यह किराया केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी के बाद है।

रोज दो-दो उड़ानें, आगे और बढ़ेंगी

सचिव नागरिक उड्डयन दिलीप जावलकर ने बताया कि यात्रियों की संख्या बढ़ने पर ज्यादा सीटर वाले हेलीकाप्टर को चलाने का प्रयास किया जाएगा। यह केंद्र सरकार की ‘उड़ान’ योजना के तहत देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड से उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ और चमोली के गौचर के बीच उत्तराखंड की पहली हेलीकॉप्टर सेवा है। पायलट सहित छह सीटर हेलीकॉप्टर दोनों जगह के लिए रोजाना दो-दो उड़ानें भरेगा।

राज्य सरकार ने पहले ही चिन्यालीसौड़ और गौचर में जरूरी सुविधाएं जुटा ली थीं। बीते दिनों डीजीसीए की टीम ने दोनों हवाई पट्टी का दौरा भी किया था।

Written by
Y S Bisht

लखनऊ यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन करने के बाद कई टीवी प्रोग्राम के लिए काम किया। एशिया डिफेंस न्यूज़ इंटरनेशनल (अडनी) से जुड़े। यह एजेंसी हिंदी, अंग्रेजी, उर्दू, मणिपुरी और असमिया में अपनी सेवाएं देती है। इसके अलावा एशिया डिफेंस न्यूज के नाम से एक मासिक पत्रिका भी निकालती थी। वर्ष 2013 में जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर हिल-मेल वेबसाइट शुरू की। फरवरी 2016 से हिल-मेल में बतौर संपादक कार्यरत। मूल रूप से पौड़ी गढ़वाल के निवासी हैं।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...