मौसम की चुनौतियों के बीच ग्राउंड जीरो पर पहुंचे धामी

मौसम की चुनौतियों के बीच ग्राउंड जीरो पर पहुंचे धामी

मौसम की तमाम चुनौतियों तथा विषम परिस्थितियों की परवाह न करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी धराली में ग्राउंड जीरो पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर, हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाते हुए, राहत कार्यों की समीक्षा की। 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह सिंह धामी ने उत्तरकाशी जिले के आपदा प्रभावित धराली गांव का दौरा कर पीड़ितों से मुलाकात की और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को समय पर राहत सामग्री पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि राहत कार्यों में तेजी लाने के लिए दो हेलीकॉप्टरों की मदद से आवश्यक खाद्य और राहत सामग्री पहुंचाई गई है।

मुख्यमंत्री खराब मौसम के बावजूद, हेलीकॉप्टर से ग्राउंड जीरो पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित लोगों से मुलाकात की, उनका हाल जाना और उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता हर प्रभावित व्यक्ति तक राहत पहुंचाना और जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल करना है। उन्होंने पीड़ितों से कहा कि इस मुश्किल घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है और राहत एवं बचाव कार्यों में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। राहत और बचाव के लिए केंद्र और राज्य की एजेंसियां मिलकर युद्धस्तर पर काम कर रही हैं।

सीएम और पीएम ने धराली आपदा को लेकर की चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात की और धराली में हुई प्राकृतिक आपदा और राहत कार्यों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि भारी बारिश के कारण कुछ कठिनाइयां आ रही हैं, लेकिन सभी एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार धराली के लोगों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए हैं। सभी महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारी 24 घंटे काम कर रहे हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में वरिष्ठ अधिकारी राहत कार्यों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति की जान कीमती है और सरकार लोगों को बचाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

मुख्यमंत्री ने राहत कार्यों की निगरानी की

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सीधे ग्राउंड जीरो से और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, उत्तरकाशी से राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने गंभीर घायलों को तुरंत देहरादून या एम्स ऋषिकेश एयरलिफ्ट करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने सुनिश्चित किया कि राहत शिविरों में भोजन, पानी, दवाइयों और अन्य आवश्यक चीजों की कोई कमी न हो। उन्होंने सड़कों को फिर से खोलने के प्रयासों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उनके नेतृत्व में बचाव कार्यों के लिए बड़े पैमाने पर संसाधन जुटाए गए हैं।

यूकाडा के हेलीकॉप्टरों ने निभाई अहम भूमिका

उत्तरकाशी के धराली में आई आपदा में राहत और बचाव कार्यों में यूकाडा के हेलीकॉप्टरों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मौसम की चुनौतियों के बावजूद, यूकाडा के हेलीकॉप्टरों ने कुल सात उड़ानें भरीं। पहली उड़ान से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ग्राउंड जीरो पर पहुंचे। दूसरी उड़ान से जिलाधिकारी और एसपी उत्तरकाशी घटनास्थल पर पहुंचे। हेलीकॉप्टर ने सेना के एक लेफ्टिनेंट कर्नल सहित दस जवानों को धराली से रेस्क्यू किया। सेना के दो घायलों को हेलीकॉप्टर से हायर सेंटर भेजा गया।

चिनूक, एमआई 17 हेलीकॉप्टर से की जा रही है मदद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र सरकार के स्तर पर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। प्रधानमंत्री मोदी लगातार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रेस्क्यू अभियान की अपडेट ले रहे हैं। भारत सरकार ने त्वरित गति से वायु सहायता उपलब्ध कराई है। रेस्क्यू ऑपरेशन में भारतीय वायुसेना के 2 चिनूक, 2 एमआई-17, 4 अन्य हेलीकॉप्टर, राज्य सरकार के आठ हेलीकॉप्टर, एक आर्मी एएलएच और 2 चीता हेलीकॉप्टर सक्रिय रूप से लगे हैं, जो लगातार प्रभावितों तक राहत पहुंचा रहे हैं।

जमीनी स्तर पर राजपूताना राइफल्स के 150 जवान, घातक टीम के 12 कमांडो, एनडीआरएफ के 69, एसडीआरएफ के 50 जवान, चार मेडिकल टीमें, 9 फायर टीमें, 130 आईटीबीपी के जवान, और बीआरओ के 15 कर्मियों समेत कुल 479 अधिकारी-कर्मचारी दिन-रात तैनात हैं। इसके अलावा 814 अतिरिक्त जवानों को अन्य क्षेत्रों से सीधे प्रभावित क्षेत्र में तैनात किया गया है।

सैंजी पहुंचकर प्रभावितों से मिले सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पौड़ी जनपद के आपदाग्रस्त क्षेत्र सैंजी का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने आपदा प्रभावित ग्रामीणों से उनका हालचाल जाना एवं आपदा से हुए नुकसान के बारे में जानकारी ली। उन्होंने प्रभावितों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार हर परिस्थिति में प्रभावितों के साथ खड़ी है। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि आपदा प्रभावितों को राहत पहुंचाने में किसी प्रकार की कमी न हो। इससे पहले उन्होंने हेलीकाप्टर से थैलीसैंण तहसील के बांकुड़ा सहित अन्य आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वे भी किया।

नौठा में बुरांसी के आपदा प्रभावितों से मिले 

सीएम धामी ने नौठा में बुरांसी के आपदा प्रभावितों और अन्य ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बुरांसी के पांच आपदा प्रभावितों को राहत राशि के चेक भी दिए। मुख्यमंत्री ने सैंजी गांव में क्षतिग्रस्त रास्ते से गुजरते हुए आपदा प्रभावित परिवारों के घर जाकर उनसे मुलाकात की तथा आपदा से हुई क्षति का जायजा लिया। इस दौरान प्रभावित परिवारों ने मुख्यमंत्री को अपनी समस्याओं से अवगत कराया और त्वरित गति से राहत कार्य के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री प्रभावितों को ढांढस बंधाया और कहा कि आपदा की इस घड़ी में कोई भी खुद को अकेला न समझें। उन्होंने कहा पूरा राज्य पीड़ितों के साथ खड़ा है। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि प्रभावितों के पुनर्वास एवं विस्थापन की कार्यवाही त्वरित गति से की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि अतिवृष्टि से हुई क्षति का आकलन कराए जाने के साथ सबसे पहले ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जाए। राहत केंद्रों में बिजली, पानी, शौचालय, दवाई, राशन की पर्याप्त व्यवस्था की जाए। साथ ही, उन्होंने वाडिया इंस्टीट्यूट के माध्यम से सर्वे कराने के भी निर्देश दिए।

Hill Mail
ADMINISTRATOR
PROFILE

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked with *

विज्ञापन

[fvplayer id=”10″]

Latest Posts

Follow Us

Previous Next
Close
Test Caption
Test Description goes like this