हिल मेल ब्यूरो, देहरादून
त्रिवेंद्र सिंह रावत सरकार के मार्च में तीन साल पूरे होने जा रहे हैं। इसी क्रम में 13 फरवरी को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत अपने मंत्रियों और विधायकों के साथ अब तक के विकास कार्यों और भावी कार्ययोजना पर भी मंथन करेंगे। मुख्यमंत्री की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रत्येक विभाग के कार्यों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसमें मंत्रियों और विधायकों के साथ जनपद के हिसाब से खुली चर्चा की जाएगी।
मंथन से प्राप्त अमृत विकास में होगा मददगार: रावत
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मंथन से प्राप्त होने वाला अमृत राज्य के समेकित विकास की दिशा व दशा निर्धारित करने में निश्चित रूप में मददगार होगा। जन प्रतिनिधि का दायित्व ही जन सेवा के लिए समर्पित होना है। वैसे तो जनप्रतिनिधियों से सुझाव प्राप्त होते रहते हैं और राज्य सरकार उस पर काम भी करती है। परंतु मंथन कार्यक्रम से एक ही स्थान पर विभागवार और जनपदवार जनप्रतिनिधियों के सुझाव मिलेंगे जिन्हें तत्काल ही संकलित कर राज्य के हित में उपयोग किया जाएगा।
पढ़ें, सीएम रावत की पैरवी रंग लाई, उत्तराखंड को हजारों करोड़ का फायदा
मंत्री अपने विभागों की देंगे रिपोर्ट
‘मंथन’ कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों की विशिष्ट स्थानीय परिस्थितियों और आवश्यकताओं के अनुरूप विकास की नीतियां तय की जाएंगी। राज्य के समेकित विकास की दिशा व दशा तय करने के लिए विभागीय मंत्रियों द्वारा अपने विभागों से संबंधित उपलब्धियों एवं भावी रणनीतियों पर रिपोर्ट पेश की जाएगी।
जनपदवार होगी खुली चर्चा, आगे बनेगी कार्ययोजना
इस अवसर पर मंत्रियों एवं विधायकों के मध्य जनपदवार खुली चर्चा का भी आयोजन होगा। इससे स्थानीय समस्याओं के निराकरण एवं विकास के बहुआयामी प्रयासों के लिए किए गए समेकित प्रयासों की जानकारी उपलब्ध होने के साथ ही भविष्य की योजनाओं के क्रियान्वयन की दिशा में सुझाव भी प्राप्त हो सकेंगे। इस कार्यक्रम में मुख्य सचिव द्वारा सभी मंत्रियों एवं विधायकों द्वारा दिए गए सुझावों एवं भावी कार्ययोजना का संकलन कर भावी कार्ययोजना पर प्रस्तुतिकरण भी दिया जाएगा। इन सुझावों के आधार पर विकास की रणनीति तय की जाएगी।


Leave a comment