Friday , 4 September 2026
Home उत्तराखंड न्यूज़ उत्तरकाशी गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों की बस खाई में गिरी, 6 लोगों की मृत्यु और 27 लोगों के घायल होने की खबर
उत्तरकाशीउत्तराखंड न्यूज़ताज़ा ख़बर

गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों की बस खाई में गिरी, 6 लोगों की मृत्यु और 27 लोगों के घायल होने की खबर

उत्तरकाशी के तहसील भटवाडी के अन्तर्गत गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थान गंगनानी के पास गंगोत्री धाम से वापस आ रहे गुजरात के तीर्थयात्रियों की बस (यूके07 पी ए 8585) खाई में गिरने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में 06 व्यक्तियों की मृत्यु होने की खबर है तथा 27 व्यक्ति घायल बताये गये हैं।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक मौके पर मौजूद हैं और राहत व बचाव कार्यों का नेतृत्व कर रहे हैं। जिला प्रशासन, पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीमें व मेडिकल टीम मौके पर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हुई है। घायलों को उपचार के लिए एम्बुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भटवाड़ी एवं जिला अस्पताल उत्तरकाशी भेजा रहा है।

अपराह्न करीब 4ः15 मिनट पर हुए इस हादसे की सूचना मिलते ही तत्काल आपदा प्रबंधन तंत्र को सक्रिय करते हुए जिला मुख्यालय सहित अन्य स्थानों से रेस्क्यू टीमों, एम्बुलेंस और मेडीकल टीमों को घटना स्थल के लिए रवाना किया गया।

बाहरी इलाकों से टीमों के पहुंचने तक गंगनानी में तैनात पुलिस कर्मियों, वन विभाग के कर्मचारियों तथा भटवाड़ी स्थित एसडीआरएफ की टुकड़ी ने स्थानीय लोगों के सहयोग से तत्काल रेस्क्यू कार्य शुरू कर घायलों को घटना स्थल से निकालकर सड़क पर पहुंचाया।

जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला एवं पुलिस अधीक्षक अर्पण यदुवंशी ने भी तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की कमान संभाली। घायलों को घटना पर प्राथमिक उपचार देने के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भटवाड़ी एवं जिला अस्पताल उत्तरकाशी के लिए रवाना किया गया।

इस अभियान में जिला मुख्यालय सहित मनेरी, भटवाड़ी, हर्षिल आदि जगहों से एम्बुलेंस एवं मेडीकल टीमों को घटना स्थल पर भेजा गया। घायलों को लेकर एम्बलेंस का जिला अस्पताल में पुहंचना प्रारंभ हो गया है।

रेस्क्यू अभियान में सहयोग के लिए जरूरत पड़ने पर देहरादून में हेलीकॉप्टर को भी तैयार रखा गया था। जिलाधिकारी अभिषेक रूहेला अभी भी घटना स्थल पर मौजूद रहकर रेस्क्यू कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि इस हादसे में 27 लोग घायल हुए हैं और अभी तक 06 मृत व्यक्तियों के शवों को बरामद कर लिया गया है। घायलां को घटना स्थल से निकालकर सड़क पर पहुंचाने के बाद अस्पताल भेजे जाने का सिलसिला जारी है और घटना स्थल पर अंधेरा घिरने के बावजूद रेस्क्यू अभियान को पूरी तेजी के साथ संचालित किया जा रहा है। बस में ड्राईवर व कंडक्टर सहित कुल 35 लोग सवार थे।

उत्तरकाशी के तहसील भटवाड़ी अंतर्गत गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास यात्रियों की बस खाई में गिरने के मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थानीय प्रशासन को तेजी से राहत-बचाव कार्य चलाने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने जिले के प्रभारी मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल एवं अपर मुख्य सचिव से भी फोन पर वार्ता कर घटनास्थल पर चल रहे राहत बचाव कार्यों की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा की एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, मेडिकल टीमों को मौके पर भेजा गया है। राहत कार्यों के लिए आवश्यकता पड़ने पर देहरादून में हेलीकॉप्टर को तैयार रहने के लिए कहा है।

Written by
Hill Mail

हिल-मेल का प्रयास जनमानस की आवाज को सही स्तर तक पहुंचाना है। हमने कोशिश की है कि हिल-मेल पहाड़ से जुड़े जनमानस के बीच एक मंच और एक अभियान के रूप में आगे बढ़े। हिल-मेल प्रयत्न कर रहा है कि हिमालय के आंचल में रोजाना की घटने वाली सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, धार्मिक और दैवीय घटनाओं की जानकारी जल्दी से जल्दी लोगों को मिलती रहे।

Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

प्रेशर हॉर्न पर अब सख्ती, दूसरी बार पकड़े जाने पर ₹10 हजार चालान

उत्तराखंड में वाहनों में प्रेशर हॉर्न लगाने और उनका अनावश्यक इस्तेमाल करने...