हिल मेल ब्यूरो, देहरादून
उत्तराखंड के लोगों को लेकर दक्षिण भारत की धार्मिक यात्रा पर गई एक बस रविवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विशाखापट्टनस से करीब 60 किमी पहले हाइवे पर यह हादसा हुआ। बताया गया है कि सामने से एक स्थानीय बस ने टक्कर मार दी जिससे आग लग गई। शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला गया। गनीमत यह रही कि किसी भी यात्री को ज्यादा चोट नहीं आई। बस में कुल 40 यात्री सवार थे।
कांच तोड़कर यात्रियों को निकाला गया
यात्रा पर गए ज्यादातार यात्री उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल के नैनीताल जिले से हैं। बस सुखांचल टूर एंड ट्रेवल्स की थी। हादसा इतना भयानक था कि टक्कर के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मदद के लिए फौरन दौड़ पड़े। कांच को तोड़कर लोगों को बचाया गया। यात्री शाम तक भी हादसे के सदमे से उबर नहीं सके थे। उनमें दहशत थी।
विशाखापट्नम के समीप उत्तराखंड श्रद्धालुओं की बस के दुर्घटनाग्रस्त होने पर दुःख व्यक्त करता हूं। बाबा केदार व माँ नंदा की कृपा से यात्रियों को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा है, सभी यात्री सकुशल हैं। कुमाऊं आयुक्त को यात्रियों से संपर्क कर, उनकी हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए गए हैं।
— Trivendra Singh Rawat (@tsrawatbjp) January 5, 2020
स्थानीय अस्पताल में कुछ यात्रियों का प्राथमिक उपचार किया गया, जिसके बाद छुट्टी दे दी गई। बताया जा रहा है कि टूर लंबा होने के कारण यात्रियों के पास सामान ज्यादा था। आग से यात्रियों को तो नुकसान नहीं हुआ पर सामान, बैग आदि जलकर राख हो गए।
मुख्यमंत्री ने मदद के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने ट्वीट कर घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, ‘विशाखापत्तनम के समीप उत्तराखंड के श्रद्धालुओं की बस के दुर्घटनाग्रस्त होने पर दुख व्यक्त करता हूं। बाबा केदार और मां नंदा की कृपा से यात्रियों को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा है, सभी यात्री सकुशल हैं। कुमाऊं आयुक्त को यात्रियों से संपर्क कर, उनकी हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए गए हैं।


Leave a comment