अंतरराष्ट्रीय योगनगरी ऋषिकेश में विश्वस्तरीय गंगा अवलोकन केंद्र बनकर तैयार है। इसकी खूबसूरती निश्चित ही त्रिवेणी घाट की आभा में चार चांद लगाने वाली साबित होगी। बच्चों को आस्था की देवी मां गंगा की तमाम जानकारियां देने के लिए मिनी थिएटर की भी व्यवस्था की गई है। गंगा तट स्थित भव्य सभागार का पूरी तरह से कायाकल्प कर इसे गंगा अवलोकन केंद्र के रूप में शानदार तरीके से विकसित किया गया है।
पूरी तरह से वातानुकूलित एवं दूधिया रोशनी से नहाए गंगा अवलोकन केंद्र में विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा सहित गंगा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां खूबसूरत पोस्टरों के माध्यम से सजाई गई हैं। गंगा अवलोकन केंद्र के उद्घाटन से पूर्व महापौर अनिता ममगाई ने इसका बारीकी से निरीक्षण किया।
महापौर ने बताया कि देवभूमि ऋषिकेश में आने वाले पर्यटकों एवं श्रद्वालुओं को करोड़ों देशवासियों की आस्था का प्रतीक माने जाने वाली मां गंगा के पौराणिक इतिहास की समूची महत्वपूर्ण जानकारी अवलोकन केंद्र में मिलेगी। उन्होंने बताया कि उनके चुनावी घोषणापत्र में यह परियोजना शामिल थी जिसे धरातल पर उतारने के लिए किए गए प्रयासों के चलते परियोजना को केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय ने मंजूरी प्रदान की थी।
महापौर अनिता ममगाई ने बताया कि ऋषिकेश को पर्यटन के साथ तीर्थाटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित किए जाने के लिए निगम संकल्पबद्ध है। ऋषिकेश में गंगा तट पर गंगा अवलोकन केंद्र की कमी शिद्दत से महसूस की जा रही थी। शहर की ग्लोबल पहचान और मजबूत बनाने में अवलोकन केंद्र मील का पत्थर साबित होगा।




Leave a comment